इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस रविवार को जयपुर स्थित बिरला ऑडिटोरियम में समारोहपूर्वक आयोजित की गई। सम्मेलन में देशभर से संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, स्कॉलर्स, साइंटिस्ट, ब्यूरोक्रेट्स, चिकित्सा, शिक्षा, धर्म और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी नामचीन शख्सियतों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए जमीअतुल कुरैश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी ने शिक्षा को समाज की उन्नति का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों और सुझावों पर गंभीरता से मनन किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपने बच्चों को आधुनिक और उच्च शिक्षा दिलाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष जीनत कुरैशी ने बच्चियों की शिक्षा, तिजारत (व्यापार) और अन्य क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता बताई और उपस्थित लोगों से इस दिशा में संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हाजी नईमुद्दीन कुरैशी और संरक्षक छुट्टन कुरैशी ने किया। दोनों वक्ताओं ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती ही तरक्की का मार्ग प्रशस्त करती है।
मुख्य अतिथि एवं साइंटिस्ट डॉ. जहीरूद्दीन ने कहा कि हमें इस्लामी मूल्यों के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर देश और समाज के लिए नए आयाम स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें तिरंगे को विश्व पटल पर गौरवान्वित करना है।
जमीअतुल कुरैश यूथ विंग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान कुरैशी ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि समाज की समग्र उन्नति के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोकतंत्र में मजबूती से भागीदारी और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जमीअतुल कुरैश के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनआरआई रफीक दाऊद कुरैशी (भादरा) ने जनसंख्या के अनुपात में बड़ी संख्या होने के बावजूद कुरैशी बिरादरी के सियासी और शैक्षिक क्षेत्र में पिछड़ने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भामाशाह दाऊद कुरैशी द्वारा 36 कौमों के लिए किए गए कार्यों को प्रेरणादायक और अनुकरणीय बताया।
महिला विंग की राजस्थान अध्यक्ष एवं भादरा नगर पालिका की निवर्तमान चेयरपर्सन मुस्कान कुरैशी ने सामाजिक एकता पर बल देते हुए कहा कि बच्चियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाना समय की मांग है। उन्होंने फिजूलखर्ची रोककर शादियों को सरल बनाने और धन को बच्चों की तालीम पर खर्च करने का आह्वान किया।
जयपुर शहर जिला अध्यक्ष फसीउद्दीन कुरैशी एवं प्रदेश महासचिव खालिद कुरैशी ने संगठन के 100 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा की उपयोगिता पर विशेष बल दिया। जामा मस्जिद जयपुर के सदर शब्बीर कुरैशी मुहम्मदी ने समाज की एकजुटता और आर्थिक सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कॉन्फ्रेंस में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य अबु तालिब नौमानी, यूसुफ कुरैशी, शब्बीर खान सहित चिकित्सा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठजनों एवं छात्र-छात्राओं ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता और आर्थिक मजबूती को समाज की प्रगति का आधार बताया।
अंत में प्रदेशाध्यक्ष नईम कुरैशी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। सम्मेलन का समापन सामाजिक एकता और प्रगतिशील सोच के संदेश के साथ हुआ।








