• Create News
  • बिरला ऑडिटोरियम में जमीअतुल कुरैश की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस सम्पन्न, शिक्षा और एकजुटता पर जोर

    इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

    राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
    ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस रविवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में समारोहपूर्वक आयोजित की गई। इस अवसर पर देशभर से संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, स्कॉलर्स, साइंटिस्ट, ब्यूरोक्रेट्स, चिकित्सा, शिक्षा, धर्म एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक ख्यातिप्राप्त हस्तियां शामिल हुईं। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

    कांफ्रेंस की अध्यक्षता जमीअतुल कुरैश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई और शिक्षा को समाज की तरक्की का आधार बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक और उच्च शिक्षा से जोड़ना समय की मांग है, जिससे समाज विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ सके।

    संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष जीनत कुरैशी ने बच्चियों की तालीम, तिजारत (व्यवसाय) और अन्य क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया तथा उपस्थित लोगों से इस दिशा में संकल्प लेने का आग्रह किया।

    कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष हाजी नईमुद्दीन कुरैशी और संरक्षक छुट्टन कुरैशी ने किया। दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ समाज को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता ही विकास की कुंजी है।

    मुख्य अतिथि एवं वैज्ञानिक डॉ. जहीरूद्दीन ने कहा कि इस्लामी मूल्यों का पालन करते हुए हमें हर क्षेत्र की आधुनिक शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें देश और समाज के लिए विकास के नए आयाम स्थापित करने हैं तथा तिरंगे को विश्व पटल पर गौरवान्वित करना है।

    जमीअतुल कुरैश यूथ विंग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान कुरैशी ने शिक्षा को समाज की उन्नति का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मजबूती से भागीदारी और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

    राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनआरआई रफीक दाऊद कुरैशी (भादरा) ने जनसंख्या के अनुपात में बड़ी संख्या होने के बावजूद कुरैशी बिरादरी के सियासी और शैक्षिक क्षेत्र में पिछड़ने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भामाशाह दाऊद कुरैशी द्वारा 36 कौमों के लिए किए गए कार्यों को मार्गदर्शक और अनुकरणीय बताया।

    महिला विंग की राजस्थान अध्यक्ष एवं भादरा नगर पालिका की निवर्तमान चेयरपर्सन मुस्कान कुरैशी ने सामाजिक एकता और जिम्मेदारी पर बल दिया। उन्होंने बच्चियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और शादियों में फिजूल खर्ची बंद कर धन को बच्चों की तालीम पर खर्च करने का आह्वान किया।

    जयपुर शहर जिला अध्यक्ष फसीउद्दीन कुरैशी और प्रदेश महासचिव खालिद कुरैशी ने संगठन के 100 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। जामा मस्जिद जयपुर के सदर शब्बीर कुरैशी मुहम्मदी ने कौम की एकजुटता, शैक्षिक उन्नति और आर्थिक मजबूती की आवश्यकता पर जोर दिया।

    सम्मेलन में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य अबु तालिब नौमानी, यूसुफ कुरैशी, शब्बीर खान सहित चिकित्सा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठजन एवं छात्र-छात्राओं ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को विकास का आधार बताया।

    अंत में प्रदेशाध्यक्ष नईम कुरैशी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता और प्रगतिशील सोच के संदेश के साथ हुआ।

  • राजेश चौधरी

    राजेश चौधरी तहसील भादरा जिला हनुमानगढ़ राजस्थान मोबाइल नंबर-9983-919191

    Related Posts

    बेवर-भोगांव जीटी रोड पर रोडवेज बस और इंडेन गैस टैंकर की आमने-सामने टक्कर, कई घायल

    इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं। हरिओम | बेवर | समाचार वाणी न्यूज़ बेवर-भोगांव जीटी रोड स्थित राजा भैय्या धुलाई केंद्र के सामने सोमवार को एक…

    Continue reading
    पंजाब में 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए कड़े इंतजाम, 8.18 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल

    इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं। जियान सहानी |चंडीगढ़ | समाचार वाणी न्यूज़ पंजाब में 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं निष्पक्ष, सुरक्षित और…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *