इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

Palghar में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और कई सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा पालघर रेलवे स्टेशन के पास जैन मंदिर इलाके के आसपास हुआ। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय स्वप्निल पालांडे, 23 वर्षीय कुणाल कुमार दुबला और 28 वर्षीय अफरोज खलील शेख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक वीरेंद्र नगर इलाके के निवासी थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे।
परिजनों ने लगाया पुलिस पर आरोप
मृतकों के परिवार का आरोप है कि घटना की रात तीनों युवक रेलवे परिसर के पास बैठे हुए थे। उसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में वहां पहुंचे और उन्होंने युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया।
परिजनों के मुताबिक घबराकर तीनों युवक रेलवे ट्रैक पार कर भागने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का अलग दावा
वहीं पुलिस का कहना है कि तीनों युवक खुद ही मालगाड़ी के सामने आ गए, जिसे पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि इस दावे को मृतकों के परिवार ने सिरे से खारिज कर दिया है।
निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
इस दर्दनाक घटना के बाद पालघर इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।








