इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

हरिओम |रामपुर | समाचार वाणी न्यूज़
जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के खरसील गांव में स्थित एक भारत गैस एजेंसी पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है और उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी बुकिंग दर्ज की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई उपभोक्ताओं ने पिछले 6 महीने से लेकर एक साल तक गैस सिलेंडर नहीं लिया, इसके बावजूद उनके नाम पर बिना ओटीपी के बुकिंग दिखाई जा रही है। इससे एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर एक पत्रकार मौके पर कवरेज के लिए पहुंचे। आरोप है कि एजेंसी संचालक ने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने पत्रकार को ही खबर प्रसारित करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकार गैस आपूर्ति को लेकर बड़े दावे कर रही है, ऐसे में इस तरह की कालाबाजारी और गड़बड़ियां बेहद चिंताजनक हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को उनका अधिकार मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।








