इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस जघन्य अपराध के बाद से ही लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची।
आरोपी को देखते ही अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। उग्र भीड़ आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने पुलिस सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास किया।
पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आरोपी की सुरक्षा के लिए कड़ा घेरा बना लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर भीड़ को तितर-बितर किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे सुरक्षित थाने ले जाने में सफल रही। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने आरोपी के घर पर तोड़फोड़ भी की थी, जिसे बाद में शांत कराया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।








