इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर में देर शाम एक महिला से बैग छीनने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी एक महिला बाजार से लौट रही थी। जैसे ही वह सुल्तान स्थान के पास अपनी गली में पहुंची, पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उसका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भागने में सफल रहा। पीड़िता ने बताया कि बदमाश ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी और उसका कद लंबा था।
घटना के बाद महिला काफी घबराई हुई है और उसने अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। महिला ने बताया कि उसके बेटे और पति के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में नगर थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सूचना के आधार पर पुलिस की जस्टिस टीम और मोबाइल टाइगर टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








