इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
जिले के लोदीपुर स्थित एक निजी गुरुकुल हॉस्टल में सोमवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां यूकेजी के 5 वर्षीय छात्र आशु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बच्चे की चाकू मारकर हत्या का आरोप लगाया है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान बुलाकी बीघा गांव निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे हॉस्टल प्रशासन की ओर से फोन कर बताया गया कि बच्चे की तबीयत खराब है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उन्होंने बच्चे के गर्दन और आंख पर चाकू से वार के निशान देखे।
घायल अवस्था में आशु को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गया-पटना नेशनल हाईवे (NH-22) को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, जाम नहीं हटाया जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम हटवाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि हॉस्टल प्रबंधन बच्चे की मौत को गिरने से हुई दुर्घटना बता रहा है।
पुलिस ने हॉस्टल इंचार्ज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि यह गुरुकुल हॉस्टल गया-पटना हाईवे पर स्थित तीन मंजिला इमारत है, जहां 100 से अधिक बच्चे रहते थे। घटना के बाद हॉस्टल का पूरा स्टाफ फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हॉस्टल को सील कर दिया है।
घटना के बाद अन्य बच्चों के परिजन भी अपने बच्चों को हॉस्टल से वापस ले गए हैं, जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।








