रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्र बीघा गांव में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। पिता की दूसरी शादी और संपत्ति विवाद से नाराज एक पुत्र ने अपने ही पिता को चार गोलियां मार दीं, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल पिता को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पहले जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि पिता द्वारा दूसरी शादी किए जाने के बाद से ही पुत्र उनसे नाराज चल रहा था। इसी के साथ दोनों के बीच पिछले कई महीनों से संपत्ति को लेकर विवाद भी चल रहा था। आए दिन कहासुनी होती रहती थी, जो अंततः हिंसक घटना में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर आरोपी पुत्र ने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी पुत्र की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








