इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सचिवालय परिसर में संचालित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 केंद्र का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सीधे आम नागरिकों से संवाद कर उनकी शिकायतों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी तरीके से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकेंद्रित पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का शीघ्र और पूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
सरकार इस पहल के माध्यम से नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाकर जनसेवा को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।








