इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और मासूम पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा पटना-गया मुख्य मार्ग (एनएच-22) पर टेहटा थाना क्षेत्र के सरेन मोड़ के समीप हुआ, जहां एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान सरेन गांव निवासी श्रवण कुमार और उनकी दो वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल पत्नी कंचन देवी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मखदुमपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद सड़क जाम, ग्रामीणों का विरोध
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और सरेन मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर पटना-गया फोरलेन को घंटों जाम कर दिया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा और सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया और यातायात बहाल किया।
एसडीओ ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो चुकी है, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने कहा कि लोगों की मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, श्रवण कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से टेहटा बाजार खरीदारी के लिए गए थे। वापस लौटते समय पटना से गया की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायल महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।








