इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान का समग्र विकास तभी सुनिश्चित हो सकता है, जब नीतियां बनाने वाले और अनुसंधान करने वाले लोग खेतों की वास्तविक समस्याओं को गहराई से समझें। उन्होंने अन्नदाताओं के अटूट साहस, परिश्रम और संकल्प को नमन करते हुए कहा कि किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री जयपुर के होटल मैरियट में आयोजित कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के ‘पश्चिमी क्षेत्रीय सम्मेलन’ के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल प्रबंधन की नई योजनाओं के माध्यम से खुशहाली की नई इबारत लिखी जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीकों, नवाचार और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी सहित राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के कृषि मंत्रियों के साथ ‘अन्नदाता’ के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कृषि सुधार, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और किसानों के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है और आने वाले समय में कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए ठोस नीतियां लागू की जाएंगी।








