इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में रविवार को पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक साइकिल यात्रा जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंची। इस अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और युवाओं से जुड़े प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से सुना। इस दौरान युवाओं ने अपने विचार, सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है तथा उनके उत्साह, ऊर्जा और नवाचार से विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राजस्थान सरकार के युवा एवं कौशल राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई, सोजत विधायक शोभा चौहान, भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम तथा भाजपा प्रदेश मंत्री आईदान सिंह भाटी सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आए युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा साथी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं के सशक्तिकरण, कौशल विकास, सुशासन और राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के युवा आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित यह कार्यक्रम युवा शक्ति, संगठनात्मक एकता और जनभागीदारी का प्रतीक बनकर उभरा। उपस्थित युवाओं ने विकसित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।








