राजस्थान के बारां जिले के कुंजेड़ ग्राम निवासी एवं भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन अनिमेष पाटनी को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रदर्शित अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के लिए देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप कैप्टन अनिमेष पाटनी की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व और सम्मान का विषय भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र रक्षा के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और वीरता देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ग्रुप कैप्टन पाटनी ने जिस साहस, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह भारतीय सशस्त्र बलों की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करता है। वीर चक्र जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होना उनकी असाधारण सेवाओं और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की धरती सदैव वीरों की भूमि रही है और यहां के जवानों ने समय-समय पर देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च योगदान दिया है। ग्रुप कैप्टन अनिमेष पाटनी ने भी उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनिमेष पाटनी की यह उपलब्धि युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करेगी। उनका जीवन और योगदान आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रुप कैप्टन पाटनी और उनके परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर सफलता की कामना की।








