राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) की अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के परिवार में एक बार फिर खुशियों का माहौल है। उनके बड़े बेटे पार्थ पवार की सगाई तय हो गई है। पार्थ पवार 29 जुलाई 2026 को पुणे में कायनात धार के साथ सगाई करेंगे। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में दोनों को शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, सगाई समारोह पुणे में आयोजित होगा, जिसमें परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार, मित्र और चुनिंदा अतिथि शामिल होंगे।
कौन हैं कायनात धार?
कायनात धार मूल रूप से हरियाणा से संबंध रखती हैं और वर्तमान में दिल्ली में कार्यरत हैं। उनका पवार परिवार से लंबे समय से पारिवारिक और आत्मीय संबंध बताया जाता है।
कायनात धार और पार्थ पवार को पहले भी कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखा जा चुका है। विशेष रूप से सुप्रिया सुळे की बेटी रेवती के विवाह समारोह में दोनों की मौजूदगी ने उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं को जन्म दिया था। अब सगाई की खबर के साथ इन अटकलों पर विराम लग गया है।
सुख-दुख दोनों में रहीं साथ
जानकारी के अनुसार, कायनात धार केवल पारिवारिक समारोहों में ही नहीं, बल्कि कठिन समय में भी पवार परिवार के साथ खड़ी नजर आईं। अजित पवार के निधन के बाद वे बारामती पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने गई थीं। इसके अलावा मुंबई में आयोजित शोकसभा में भी उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
दोनों को कुछ समय पहले उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में एक साथ पूजा-अर्चना करते हुए भी देखा गया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं।
राजनीति में सक्रिय हैं पार्थ पवार
अजित पवार के निधन के बाद पार्थ पवार की राजनीतिक सक्रियता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और पार्टी से जुड़े विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
पार्टी संगठन और राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ी है, जिसके चलते उन्हें पार्टी के युवा नेतृत्व के प्रमुख चेहरों में माना जा रहा है।
परिवार में फिर गूंजेंगी शहनाइयां
पार्थ पवार की सगाई की खबर से पवार परिवार में उत्साह का माहौल है। इससे पहले परिवार में छोटे भाई जय पवार का विवाह हो चुका है। अब बड़े बेटे पार्थ पवार की सगाई के साथ परिवार एक बार फिर शादी की तैयारियों में जुट गया है।
29 जुलाई को पुणे में होने वाला यह समारोह राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी खास माना जा रहा है। समारोह में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, विवाह की तिथि को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल परिवार सगाई समारोह की तैयारियों में व्यस्त है।








