अवास कैवर्त | छत्तीसगढ़ | समाचार वाणी न्यूज़
मरवाही क्षेत्र के पत्रकारों की एकता, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा देने के उद्देश्य से मरवाही प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान पत्रकारों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
बैठक में प्रयास कैवर्त को सर्वसम्मति से मरवाही प्रेस क्लब का अध्यक्ष चुना गया। वहीं सूरज यादव को सचिव, राजेंद्र सोनी को कोषाध्यक्ष, श्रीनिवास सुमेर को सह सचिव, महेश पटस्कर को मीडिया प्रभारी तथा सीता पवन बनाफर को महिला विंग प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन के मार्गदर्शन एवं सुदृढ़ संचालन के लिए वरिष्ठ पत्रकार मुरारी लाल रैदास, वीरेंद्र पाण्डेय, अमित तिवारी एवं योगेंद्र सिंह नहरेल को संरक्षक सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
पत्रकारों के हितों के लिए करेंगे कार्य
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रयास कैवर्त ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरवाही प्रेस क्लब पत्रकारों की आवाज़ को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
उन्होंने कहा,
“मरवाही प्रेस क्लब निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकारों के सम्मान और जनहित की आवाज़ को नई मजबूती देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा की रक्षा करना, उनके अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज़ उठाना तथा समाज और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना है।
जनहित के मुद्दों को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रेस क्लब समय-समय पर पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, संवाद गोष्ठियों एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करेगा। साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य भी करेगा।
बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में मरवाही प्रेस क्लब निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनपक्षीय पत्रकारिता की परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








