रवींद्रनाथ टैगोर, मदर टेरेसा और अबुल कलाम जैसे नामों पर भी था विचार, लेकिन आखिरकार महात्मा गांधी पर बनी सहमति; जानिए पूरी वजह।
RBI: क्या आपने कभी सोचा है कि भारतीय नोटों पर सिर्फ महात्मा गांधी की तस्वीर क्यों होती है? भारत जैसे देश में कई महान शख्सियतें रही हैं, लेकिन फिर भी सिर्फ बापू की तस्वीर ही हर नोट पर क्यों छपी जाती है? इस सवाल का जवाब अब खुद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दिया है।
RBI ने अपनी डॉक्यूमेंट्री ‘RBI Unlocked: Beyond the Rupi’ में बताया कि नोटों पर गांधीजी की तस्वीर क्यों छापी जाती है और इसके पीछे क्या सोच है।
महात्मा गांधी ही क्यों?
डॉक्यूमेंट्री के मुताबिक, भारतीय रुपयों पर किसी भी मशहूर शख्सियत की तस्वीर छापने के लिए कई नामों पर विचार किया गया था:
१. रवींद्रनाथ टैगोर
२. मदर टेरेसा
३. अबुल कलाम आज़ाद
लेकिन इन सभी नामों के बीच महात्मा गांधी के नाम पर आम सहमति बनी।
उनकी राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान, सामाजिक योगदान और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में नेतृत्व को देखते हुए, यह निर्णय लिया गया कि भारतीय नोटों पर उनकी तस्वीर होनी चाहिए।
महात्मा गांधी की तस्वीर से नकली और असली नोट में फर्क करना आसान
RBI के अनुसार, नोटों की पहचान आसान बनाने के लिए किसी प्रसिद्ध व्यक्ति की तस्वीर छापना तकनीकी रूप से फायदेमंद होता है। नकली नोट पहचानने में लोग सबसे पहले नोट पर छपी तस्वीर को ही देखते हैं।
महात्मा गांधी की तस्वीर सरल, साफ और सबको पहचान में आने वाली है, जिससे असली और नकली नोट में फर्क करना आसान होता है।
अंग्रेजों के जमाने में कैसे थे नोट?
आजादी से पहले, अंग्रेजों के जमाने में भारतीय नोटों पर उपनिवेशवाद की झलक मिलती थी:
१. बाघ, हिरण जैसे जीवों के चित्र
२. सज्जित हाथियों के चित्र
३. ब्रिटिश राजा और साम्राज्य की भव्यता दर्शाने वाले चिन्ह
४. आजादी के बाद नोटों पर अशोक स्तंभ, भारत के प्रसिद्ध स्थल, किसानों, विज्ञान, और आर्थिक प्रगति से जुड़े चित्र दिखने लगे।
कब पहली बार छपी गांधीजी की तस्वीर?
१. 1969: महात्मा गांधी के जन्म के 100 वर्ष पूरे होने पर पहली बार 100 रुपये का स्मारक नोट जारी हुआ, जिसमें गांधीजी की तस्वीर और सेवाग्राम आश्रम दिखाया गया।
२. 1987: नियमित रूप से गांधीजी की तस्वीर वाले 500 रुपये के नोट जारी हुए।
३. 1996: नई सिक्योरिटी फीचर्स के साथ ‘महात्मा गांधी सीरीज’ के नोट छपने शुरू हुए।
यह डॉक्यूमेंट्री कहां देखें?
RBI द्वारा बनायी गई इस डॉक्यूमेंट्री का नाम है ‘RBI Unlocked: Beyond the Rupi‘, जिसे आप JioCinema पर देख सकते हैं। इसमें यह भी दिखाया गया है कि नोटों को प्रिंटिंग प्रेस से देशभर में ट्रेन, जलमार्ग और वायुमार्ग से कैसे भेजा जाता है।
ऐसी ही देश और दुनिया की बड़ी खबरों के लिए फॉलो करें: www.samacharwani.com








