जयपुर में सामाजिक एकता, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देते हुए भादरा नागरिक विकास समिति जयपुर द्वारा कल सायं होटल गोल्डन ईगल में दिवाली स्नेह-मिलन समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जयपुर में निवासरत भादरा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का माहौल पारिवारिक, सौहार्दपूर्ण और उल्लास से भरा रहा, जहां सभी ने मिलकर दीपावली पर्व की खुशियों को साझा किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण रहा ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, जो इस वर्ष समिति द्वारा श्रीमान सांवर मल महिपाल को प्रदान किया गया। वे विवेकानंद स्वास्थ्य सेवा समिति के फाउंडर मेंबर हैं और लंबे समय से समाजसेवा, मानव कल्याण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। समिति ने उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सराहा।
कार्यक्रम में उन सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने समय-समय पर जरूरत पड़ने पर मानव सेवा की मिसाल कायम करते हुए ब्लड डोनेशन किया। भादरा नागरिक विकास समिति हमेशा से सेवाभाव और सामाजिक उत्थान की सोच को प्राथमिकता देती आई है और ऐसे सदस्यों का मंच पर सम्मान किए जाने से प्रेरणा का वातावरण और अधिक प्रबल हुआ।
समारोह में संरक्षक के रूप में श्रीमान सी.एम. बंसल, श्री दीपक शर्मा, श्री भंवरू खां, श्री रामवतार स्वामी और श्री जयकिसन कस्वां मंच पर उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता और समिति की कार्यप्रणाली की सराहना की। इस अवसर पर अतिथि के रूप में उपस्थित श्री रतन लाल भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ने भादरा पर लिखी अपनी एक सुंदर और भावपूर्ण कविता का वाचन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने बेहद पसंद किया और लंबे समय तक स्मरणीय बताला।
समिति अध्यक्ष श्री बलवन्त गीदड़ा ने सभी आए हुए सदस्यों का हार्दिक स्वागत किया और कहा कि भादरा नागरिक विकास समिति का उद्देश्य सिर्फ त्योहार मनाना नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ना, समाज में भाईचारा मजबूत करना और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना है। सहसचिव डॉ. चन्दन सहारण ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कोषाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सैनी (अधिवक्ता) ने समिति का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसमें सामाजिक गतिविधियों, सेवा कार्यों और भविष्य की योजनाओं का विवरण शामिल था।
समारोह के मनोरंजक हिस्से ने भी सभी का मन मोह लिया। किसी ने चुटकुले सुनाकर, किसी ने गीत प्रस्तुत कर, तो किसी ने कविता पढ़कर कार्यक्रम को विशेष रंग प्रदान किया। सदस्यों की प्रतिभा और सहभागिता ने पूरे आयोजन में उत्साह का भाव बनाए रखा और सभी ने एक-दूसरे के साथ यादगार क्षण साझा किए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों ने एक विशेष संकल्प लिया—‘अन्न का सम्मान करेंगे और भोजन जूठा नहीं छोड़ेंगे।’ यह संकल्प समाज में खाद्य अपव्यय रोकने और संसाधनों का सम्मान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। इसके साथ ही प्रत्येक सदस्य को एक-एक पौधा भेंट किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश सभी तक पहुंचाया गया।
भादरा नागरिक विकास समिति जयपुर का यह दिवाली स्नेह-मिलन समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि समाजिकता, भारतीय संस्कृति, पर्यावरण जागरूकता और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने वाला प्रेरणादायक आयोजन साबित हुआ। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में समिति समाज सेवा से जुड़े और भी कार्यक्रम आयोजित करेगी।












