इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर डूंगरपुर जिले से आए युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव बताते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही “विकसित भारत–2047” के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें, तो देश और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, कौशल और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने वागड़ क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आदिवासी बहुल क्षेत्र है और राज्य सरकार आदिवासी समाज के सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रभावी निर्णय ले रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें इस धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल के समग्र विकास की योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर सागवाड़ा विधायक श्री शंकरलाल डेचा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। युवाओं ने मुख्यमंत्री से संवाद कर अपने विचार और सुझाव भी साझा किए।








