इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। आगामी 23 मार्च को होने वाले मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल और गांधी मैदान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सभा स्थल पर बैरिकेडिंग, पेयजल, संपर्क मार्ग और विभागीय स्टॉलों के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। साथ ही बड़े पैमाने पर वाहनों की पार्किंग के लिए भी स्थान चिन्हित किया गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाली सड़कों की जल्द मरम्मत और समतलीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल को आकर्षक और जानकारीपूर्ण बनाने पर भी जोर दिया गया है, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान ‘सात निश्चय योजना’ समेत कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही कई नई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक और आम जनता के साथ जनसंवाद भी आयोजित किया जाएगा, जिससे लोग अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकें।
जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। वहीं पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में उत्साह के साथ-साथ प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं, जिससे कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।








