इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
जिले में गुरुवार को पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-22 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। कामदेव बिगहा मोड़ के पास टैंकर और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस पर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान सिकरिया थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी रविकांत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविकांत स्कूटी से अपने गांव से जहानाबाद बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कल्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और एनएच-22 को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और आरोपी टैंकर चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और कल्पा थाना अध्यक्ष अनंत कुमार के साथ मारपीट कर दी, जिससे वे घायल हो गए। घटना के दौरान कुछ समय के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समझाने-बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए और जाम हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने मौके से टैंकर को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, पुलिस पर हमला करने वाले लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर करती है।








