इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
जिले के घोसी बाजार में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। नगर पंचायत गठन के तीन से चार वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक बाजार क्षेत्र में स्थायी टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके कारण मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेम्पो और अन्य वाहनों से हर दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
सुबह और शाम के समय घोसी बाजार की स्थिति सबसे अधिक खराब हो जाती है। घोसी-धामापुर रोड, ऊपरी बाजार, थाना परिसर, हनुमान मंदिर और अंबेडकर मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में टेम्पो चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर सवारी बैठाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
स्थिति यह है कि कई बार दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम के कारण रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
इस समस्या का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। आदर्श मध्य विद्यालय घोसी और धामापुर क्षेत्र के स्कूलों में आने-जाने वाले बच्चों को रोज भारी ट्रैफिक के बीच सड़क पार करनी पड़ती है। साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को जोखिम उठाकर जाम के बीच से निकलना पड़ता है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, टेम्पो स्टैंड नहीं होने के कारण चालक मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़ा करते हैं। वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी और दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर रखने से समस्या और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
बाजारवासियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा कई बार टेम्पो स्टैंड निर्माण की योजना बनाई गई और जगह का चयन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल धरातल पर नहीं उतर सकी। कई बार थाना की गाड़ी तक जाम में फंस जाती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में भी परेशानी बढ़ जाती है।
स्थानीय व्यापारियों, अभिभावकों और आम नागरिकों ने प्रशासन से जल्द स्थायी टेम्पो स्टैंड बनाने, सड़क अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में घोसी बाजार की स्थिति और गंभीर हो सकती है।








