रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
बिहार के जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुरा इमादपुर गांव में एक महिला की कथित तौर पर उसके देवर द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह घर के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। इसी दौरान 22 वर्षीय आरोपी कुणाल कुमार घर पहुंचा और अपनी भाभी अंशु कुमारी से भोजन मांगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका अंशु कुमारी की शादी लगभग एक वर्ष पहले धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। उनका मायका अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव में है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि परिवार में पहले से आपसी बातचीत को लेकर विवाद था। वहीं, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर गेम खेलने को लेकर भी विभिन्न दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इनमें से किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
परसबिगहा थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।








