प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही उन्होंने करीब 17,900 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद रहे।
“यह आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लॉन्च पैड”
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “यह एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य का लॉन्च पैड है।”
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, सड़क, ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाएं राज्य के आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
17,900 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने बताया कि आज शुरू की गई परियोजनाएं एविएशन, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, सड़क संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देंगी और राज्य को निवेश एवं उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाएंगी।
एयरपोर्ट में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल
भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशन सेंटर (APOC), बायोमेट्रिक पैसेंजर प्रोसेसिंग और ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पहले चरण में 60 लाख यात्रियों की क्षमता
एयरपोर्ट को पहले चरण में प्रति वर्ष 60 लाख यात्रियों की क्षमता के अनुसार विकसित किया गया है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष करने की योजना है। यह आंध्र प्रदेश का सातवां हवाई अड्डा होगा और यहां से 17 अगस्त से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना है।
एयरपोर्ट के नामकरण पर भी बोले प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में हवाई अड्डों के नाम एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और देश के महान व्यक्तित्वों के नाम पर एयरपोर्टों का नामकरण करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा जाना उसी सोच का प्रतीक है।








