इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के सुझावों को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र सेवा और संवेदना से जुड़ा हुआ क्षेत्र है, जिसे राज्य सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में राज्य सरकार ने अपने बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष महत्व देते हुए सर्वाधिक प्राथमिकता प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक के दौरान प्राप्त उपयोगी सुझावों को आगामी बजट में शामिल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
इस बजट पूर्व संवाद का उद्देश्य राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती प्रदान करना है।








