इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

आईपीएल 2026 में Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें ‘चेज मास्टर’ क्यों कहा जाता है। विराट ने 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार नाबाद 105 रन की पारी खेली और अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई।
विराट कोहली ने 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। मैच के दौरान उनका आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज देखने लायक था। खास बात यह रही कि पिछले दो मुकाबलों में शून्य पर आउट होने के बाद विराट ने पहला रन बनाते ही उसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया।
हालांकि मैच के बाद विराट कोहली का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। उन्होंने क्रिकेट और अपने खेल के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को लेकर कहा कि एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा, इसलिए वह मैदान पर अपना दिल और जान लगा देते हैं।
विराट ने कहा, “क्रिकेट एक ऐसी चीज है जिससे मैं बेहद प्यार करता हूं। फील्डिंग हो या बल्लेबाजी, मैं मैदान पर अपना सबकुछ दे देता हूं क्योंकि मुझे पता है कि एक दिन यह सफर खत्म हो जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि वह मैदान पर बिताए हर पल का आनंद लेना चाहते हैं और दबाव वाली परिस्थितियों में खुद को लगातार परखना पसंद करते हैं। विराट के मुताबिक, इतने सालों बाद भी वह दबाव में प्रदर्शन इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि उनके भीतर आज भी क्रिकेट के लिए वही जुनून और प्यार बरकरार है।
कोहली ने कहा, “मुझे बल्ले के बीच से गेंद को हिट करना आज भी उतना ही पसंद है। बल्लेबाजी का वही आनंद अब भी महसूस होता है और यह भगवान का आशीर्वाद है। इसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं।”
विराट कोहली की इस शानदार पारी और भावुक बयान ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर भी उनके बयान और शतक की जमकर चर्चा हो रही है।








