भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण दो मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी की वजह बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स इंजरी बताई जा रही है। यही नहीं, आगामी इंग्लैंड दौरे की व्हाइट-बॉल सीरीज में उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है।
बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार मेडिकल टीम लगातार उनकी फिटनेस पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल यह तय नहीं है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज के लिए पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं।
टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका
नीतीश कुमार रेड्डी को आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों दौरों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में उन्हें तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में टीम का अहम खिलाड़ी माना जा रहा था। ऐसे में उनके बाहर होने से टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है।
नीतीश पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2025 के दौरान भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे और पूरे सीजन में 13 मुकाबले खेलने के बावजूद केवल पांच ओवर ही गेंदबाजी कर सके थे। इसके बाद घुटने की चोट के कारण उन्हें इंग्लैंड दौरे की टेस्ट सीरीज भी बीच में छोड़नी पड़ी थी।
अफगानिस्तान सीरीज में लगी थी चोट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नीतीश कुमार रेड्डी को क्वाड्रिसेप्स की यह चोट अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान लगी थी।
धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने अपने करियर का पहला वनडे विकेट हासिल किया था, लेकिन दूसरे वनडे से पहले कप्तान शुभमन गिल ने बताया था कि क्वाड्रिसेप्स में परेशानी के कारण वह मुकाबला नहीं खेल पाएंगे।
हालांकि, चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे में उन्होंने वापसी की थी। उस मैच में उन्होंने छह ओवर में 42 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। बल्लेबाजी करने का मौका भी उन्हें नहीं मिला।
26 जून से शुरू होगा आयरलैंड दौरा
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज 26 जून से बेलफास्ट में शुरू होगी। दूसरा मुकाबला 28 जून को खेला जाएगा। भारतीय टीम लंदन के रास्ते बेलफास्ट पहुंचेगी।
यह दौरा कई कारणों से खास माना जा रहा है। पहली बार श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण की भी प्रबल संभावना है।
अब सभी की निगाहें बीसीसीआई की मेडिकल टीम की रिपोर्ट पर रहेंगी कि नीतीश कुमार रेड्डी इंग्लैंड दौरे तक फिट होकर वापसी कर पाते हैं या नहीं। उनकी अनुपस्थिति में चयनकर्ता और टीम प्रबंधन को ऑलराउंडर विकल्पों पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है।








