पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘Dada’ से अभिनेता राजकुमार राव का पहला लुक जारी कर दिया गया है। हालांकि पोस्टर रिलीज होने के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के ऐतिहासिक लॉर्ड्स बालकनी सेलिब्रेशन को दोहराते हुए भारतीय टीम की जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह लुक गांगुली के 54वें जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया।
जहां फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने राजकुमार राव के लुक की तारीफ की, वहीं सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स पोस्टर की एडिटिंग और विजुअल क्वालिटी से निराश नजर आए।
एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “ChatGPT इससे बेहतर पोस्टर बना देता।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि एक बायोपिक के फर्स्ट लुक से कहीं ज्यादा प्रभावशाली पोस्टर की उम्मीद थी और यह तस्वीर एआई से बनाई गई जैसी लग रही है।
कुछ अन्य यूजर्स ने लिखा कि फैन-मेड पोस्टर्स भी इससे बेहतर दिखाई देते हैं, जबकि कई लोगों ने पोस्टर की डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स पर सवाल उठाए।
दूसरी ओर, अभिनेता अली फज़ल, आयुष्मान खुराना, नेहा धूपिया और मानुषी छिल्लर समेत कई फिल्मी हस्तियों ने राजकुमार राव के नए अवतार की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
फिल्म ‘Dada’ पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर और निजी जीवन पर आधारित है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता है, हालांकि फर्स्ट लुक को लेकर सामने आई प्रतिक्रियाओं ने रिलीज से पहले ही चर्चा का माहौल बना दिया है।








