रणजीत कुमार | जहानाबाद, बिहार | समाचार वाणी न्यूज़
श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बराबर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम एवं पूरे मेला क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियां समय से पहले पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल पर मौजूद रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर पंचायत मखदुमपुर के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पूरे मेला क्षेत्र और संपर्क मार्गों पर मिशन मोड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल, पेयजल व्यवस्था, शौचालय निर्माण तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण विभाग एवं जिला योजना पदाधिकारी को सभी तैयारियों की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में ड्रॉप गेट का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, रात्रिकालीन सुरक्षा के मद्देनज़र हैलोजन लाइटों की संख्या बढ़ाने और सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंचलाधिकारी मखदुमपुर को मेला क्षेत्र एवं आवागमन मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस अधिकारियों को संपर्क मार्गों, विद्युत पोल, केबल तथा अन्य विद्युत उपकरणों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
वानिकी क्षेत्र पदाधिकारी को मेला परिसर में रेलिंग निर्माण में एकरूपता बनाए रखने तथा पूरे परिसर एवं श्रद्धालुओं के मार्गों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल प








