इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

भवानी निकेतन, जयपुर में आयोजित सैन्य उपकरण प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने शिरकत कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान भारतीय सेना के जवानों द्वारा किए गए साहसिक लाइव डेमो का अवलोकन कर मुख्यमंत्री ने उनके अद्भुत कौशल, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
प्रदर्शनी में आधुनिक सैन्य उपकरणों, हथियार प्रणालियों और रक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा की मजबूत ढाल है और हमारे जवान हर परिस्थिति में राष्ट्र की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।
इस अवसर पर आर्मी वीरांगनाओं का सम्मान कर उन्हें नमन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगनाओं का त्याग, साहस और धैर्य देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के लिए यह गर्व का विषय है कि देश में पहली बार छावनी क्षेत्र के बाहर आमजन के लिए आर्मी डे परेड का आयोजन जयपुर में किया जा रहा है। इससे नागरिकों को सेना के शौर्य, पराक्रम और कार्यशैली को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को शत-शत नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार सदैव सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना का अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
जय हिंद! जय भारत!








