आवास कैवर्त| रामगढ़ | समाचार वाणी न्यूज़
केंद्रीय बजट को लेकर भाजपा नेता आकर्ष प्रताप सिंह ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के प्रत्येक वर्ग को प्राथमिकता देने वाला और विश्वास पर आधारित विकास का दस्तावेज़ बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखता है, बल्कि आगामी 10 वर्षों में भारत की आर्थिक दिशा और गति तय करने वाला साबित होगा।
आकर्ष प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत के लिए एक स्पष्ट विकास रोडमैप है, जो देश को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में, जब अमेरिका और चीन जैसी महाशक्तियाँ आर्थिक रूप से तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं, ऐसे समय में भारत का रणनीतिक क्षेत्रों पर फोकस अत्यंत आवश्यक है, जिसे यह बजट बखूबी दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि बजट में रियल एस्टेट, सेमीकंडक्टर एवं चिप मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप इकोसिस्टम और हाई-टेक उत्पादन क्षेत्रों में नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में और मजबूत होगा, साथ ही विदेशी निवेश और तकनीकी विकास को भी नई गति मिलेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि यह बजट पूर्णतः समावेशी है, जिसमें समाज के हर वर्ग—किसान, युवा, महिलाएँ, उद्यमी, छोटे-बड़े उद्योगपति और व्यवसायी—के लिए राहत और प्रोत्साहन से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएँ शामिल हैं।
आकर्ष प्रताप सिंह के अनुसार यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए देश को मजबूत, उन्नत और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है।








