राजेश चौधरी | जयपुर | समाचार वाणी न्यूज़
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा के निर्देश पर जयपुर में पेट्रोल पंपों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। अजमेर रोड, सीकर रोड और दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंपों पर विभागीय टीमों ने औचक निरीक्षण कर जांच की।
अभियान के दौरान कुल 15 पेट्रोल पंपों की जांच की गई, जिनमें से अनियमितता पाए जाने पर 3 पंपों के नोज़ल सीज कर दिए गए।
जांच में नींदड़-हरमाड़ा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बड़ा खुलासा हुआ, जहां 5 लीटर पर 25 से 30 मिलीलीटर तक पेट्रोल और डीजल कम दिया जा रहा था। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इससे प्रतिदिन करीब 45 लीटर ईंधन की कम सप्लाई की जा रही थी, जो महीनेभर में लगभग 1350 लीटर तक पहुंचती है। इससे उपभोक्ताओं को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
इसी तरह शाहपुरा स्थित पुराने दिल्ली रोड के एक पेट्रोल पंप पर भी 5 लीटर पर 30 मिलीलीटर कम ईंधन देने का मामला सामने आया। यहां प्रतिदिन लगभग 27 लीटर और महीने में 810 लीटर ईंधन की हेराफेरी पाई गई।
वहीं बगरू RIICO क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर 5 लीटर में 40 मिलीलीटर तक कम पेट्रोल देने की पुष्टि हुई। विभाग के अनुसार यहां रोजाना लगभग 40 लीटर और महीने में 1200 लीटर तक ईंधन की हेराफेरी की जा रही थी।
इसके अलावा आमेर स्थित हाईवे सर्विस स्टेशन को नोटिस जारी करते हुए 37 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को सही मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








