राजेश चौधरी | प्रतापगढ़ | समाचार वाणी न्यूज़
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आज छोटी सादड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंबोरी में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, किसान भाइयों, पशुपालकों एवं वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
चौपाल के दौरान रोजगार, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, सड़क एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आमजन द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के सशक्तीकरण और गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राजस्थान का प्रत्येक नागरिक सम्मान, सुविधा और समृद्धि के साथ जीवनयापन कर सके।
उन्होंने आगे कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और जनभागीदारी बेहद आवश्यक हैं। वर्ष 2047 तक विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








