इस खबर को सुनने के लिये प्ले बटन को दबाएं।

राजेश चौधरी | हनुमानगढ़ | समाचार वाणी न्यूज़
पंचायतीराज आयुक्त एवं जिला प्रभारी सचिव डॉ. जोगा राम ने सोमवार को हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं की प्रगति पर सतत निगरानी रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि फ्लेगशिप योजनाएं सरकार की प्राथमिकता हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी संचालन पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा
बैठक के दौरान ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव डॉ. जोगा राम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित ईवेंट पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किया जाए, ताकि कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा व्यापक अभियान है। ऐसे में विभागीय समन्वय और आमजन की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
हीटवेव और तापघात से निपटने के निर्देश
गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रभारी सचिव ने अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय एवं मजबूत बनाए रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि हीटवेव की स्थिति में आमजन को समय पर राहत और उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
लाडो प्रोत्साहन और कुसुम योजना पर फोकस
बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए डॉ. जोगा राम ने प्रथम एवं द्वितीय किश्त का भुगतान शीघ्र करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा कुसुम योजना के विभिन्न कंपोनेंट्स की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित योजनाएं किसानों के लिए लाभकारी हैं और इनके प्रभावी क्रियान्वयन से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रभारी सचिव ने पेयजल डिग्गियों की स्टोरेज क्षमता पूर्ण रखने और पानी की उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
साथ ही जोधपुर डिस्कॉम अधिकारियों को ट्रांसफार्मरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और विद्युत आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 11 केवी फीडर बाइफरकेशन कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार करने को कहा।
शिक्षा विभाग को विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश
बैठक में स्कूली शिक्षा विभाग की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने पढ़ाई में कमजोर और नियमित रूप से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार के लिए बच्चों की नियमित निगरानी और अभिभावकों से संवाद आवश्यक है।
पीएम विश्वकर्मा योजना के लंबित प्रकरण जल्द निस्तारित करने के निर्देश
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करवाने के निर्देश दिए गए। प्रभारी सचिव ने कहा कि योजनाओं में अनावश्यक देरी लाभार्थियों के हितों को प्रभावित करती है, इसलिए विभाग सक्रियता से कार्य करें।
बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, जल संचय जन भागीदारी अभियान, पीएम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना, उप वन संरक्षक श्री सुरेश कुमार, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, सीपीओ श्री विनोद गोदारा, उद्योग महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सिद्धु, श्री योगेन्द्र कुमार, उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा तथा सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








